उत्तराखंड

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड को दिया गया महत्व

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। संगठन में बड़े स्तर पर फेरबदल करते हुए कई नए चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि अनुभवी नेताओं को भी अहम पदों पर बरकरार रखा गया है। नई टीम में उत्तराखंड को खास प्रतिनिधित्व मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री और अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा उत्तराखंड से आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।
उत्तराखंड के लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की है। उन्हें पार्टी के 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में शामिल किया गया है। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एस. नागराज, प्रो. तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र कर भी शामिल हैं।
तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और गढ़वाल क्षेत्र से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। नई राष्ट्रीय टीम में उन्हें उपाध्यक्ष बनाकर भाजपा ने उत्तराखंड को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण स्थान दिया है। तीरथ सिंह रावत का नाम राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में दूसरे क्रम पर है और उनके साथ राज्य के रूप में उत्तराखंड का उल्लेख किया गया है।
यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब भाजपा अपने राष्ट्रीय संगठन को नए सिरे से व्यवस्थित कर रही है। पार्टी ने एक ओर कई पुराने और अनुभवी नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में बनाए रखा है, वहीं दूसरी ओर नए चेहरों को भी राष्ट्रीय संगठन में जगह दी है। उत्तराखंड से तीरथ सिंह रावत का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनना इसी संगठनात्मक संतुलन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
उत्तराखंड से दूसरी महत्वपूर्ण नियुक्ति महेंद्र पांडे की हुई है। उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री बनाया गया है। पार्टी की नई टीम में राष्ट्रीय कार्यालय की जिम्मेदारी तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी के रूप में दी गई है, जबकि महेंद्र पांडे राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री के तौर पर काम करेंगे।
राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री का दायित्व पार्टी के केंद्रीय संगठन की कार्यप्रणाली और कार्यालय से जुड़े संगठनात्मक कामकाज में महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में उत्तराखंड के एक नेता को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय की जिम्मेदारी मिलना राज्य के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उत्तराखंड के लिए तीसरी बड़ी नियुक्ति अनिल बलूनी की है। भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा है। नई सूची में मीडिया संयोजक के रूप में अनिल बलूनी का नाम उत्तराखंड के साथ दर्ज है। उनके साथ मध्य प्रदेश के आशीष उषा अग्रवाल, दिल्ली के प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।
अनिल बलूनी उत्तराखंड से भाजपा के प्रमुख राष्ट्रीय चेहरों में हैं और वर्तमान में गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। राष्ट्रीय राजनीति और मीडिया के बीच पार्टी का संदेश पहुंचाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। नई टीम में उन्हें इसी जिम्मेदारी पर बनाए रखना भाजपा की मीडिया रणनीति में निरंतरता का संकेत माना जा रहा है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड की मौजूदगी सोशल मीडिया संगठन में भी दिखाई देती है। आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। सोशल मीडिया संयोजक के रूप में छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी और हरियाणा के अरुण यादव समेत आलोक भट्ट को सह-संयोजक बनाया गया है।
इस तरह नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड से चार नेताओं को अलग-अलग महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैंकृतीरथ सिंह रावत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महेंद्र पांडे राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री, अनिल बलूनी राष्ट्रीय मीडिया संयोजक और आलोक भट्ट सोशल मीडिया सह-संयोजक।

Related Articles

Back to top button