मौसम ने करवट बदली,बद्रीनाथ धाम में हुई जमकर बर्फबारी

चमोली। रविवार को एक बार फिर भगवान बदरी विशाल के धाम में मौसम ने करवट ली और जमकर बर्फबारी हुई। बर्फबारी से पूरी बदरीपुरी का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया।
सोमवार 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो जाएंगे। लेकिन कपाट बंद होने से ठीक एक दिन पहले मौसम ने बर्फबारी से पूरी बदरीपुरी का श्रृंगार किया है। चारों तरफ बर्फबारी से नजारा बेहद सुंदर हो गया है। वहीं बर्फबारी के बीच भगवान बदरी विशाल के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए यह पल यादगार बन गया है। कई श्रद्धालु इस खूबसूरत नजारे को अपने मोबाइल के कैमरों में कैद करते दिखाई दिए।
स्थानीय लोगों की मानें तो उत्तराखंड के चमोली जिले में रविवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। आसमान में बादल छाए रहे। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम ने सर्दी का अहसास बढ़ा दिया। इसी बीच बदरीनाथ धाम में सुबह बर्फबारी हुई, जिससे धाम की वादियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली। बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आने से कड़ाके की ठंड भी बढ़ गई है।
खास बात यह है कि भगवान बदरी विशाल के कपाट शीतकाल के लिए 16 नवंबर को बंद होने जा रहे हैं। ऐसे में कपाट बंद होने से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान नारायण के दर्शन कर रहे हैं। कपाट बंद होने से ठीक पहले हुई इस बर्फबारी ने श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ा दिया है।श्रद्धालुओं का कहना है कि, धाम में बर्फबारी का ऐसा मनमोहक दृश्य देखना, उनके लिए किसी यादगार अनुभव से कम नहीं है।
बदरीनाथ धाम में बर्फबारी के बाद पूरा क्षेत्र शीतकालीन रंग में नजर आने लगा है। एक ओर कपाट बंद होने की धार्मिक तैयारियां चल रही हैं। वहीं दूसरी ओर प्रकृति ने बर्फबारी के रूप में धाम को सफेद चादर से सजा दिया है।




