उत्तराखंड

महादेवी प्रौद्योगिकी संस्थान को मिला नया नेतृत्व, डॉ. शक्ति सिंह बत्र्वाल बने निदेशक

देहरादून। महादेवी प्रौद्योगिकी संस्थान, देहरादून में शिक्षा और नवाचार को नई दिशा देने की उम्मीदों के साथ डॉ. शक्ति सिंह बर्त्वाल ने निदेशक का दायित्व संभाल लिया है। उनकी नियुक्ति भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एवं प्राधिकृत नियंत्रक अभिनव शाह द्वारा श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के अनुमोदन के बाद की गई है। शिक्षा, पत्रकारिता, जनसंचार एवं शोध के क्षेत्र में लंबे अनुभव वाले डॉ. बर्त्वाल इससे पूर्व सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, साहिया में सहायक आचार्य के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। वे कार्य परिषद एवं शिक्षा परिषद के स्थायी सदस्य भी रहे हैं। इसके अतिरिक्त श्री काशी विश्वनाथ महाविद्यालय, उत्तरकाशी में भी उन्होंने दोनों परिषदों के सदस्य के रूप में दायित्व निभाया है।
डॉ. बर्त्वाल ने वर्ष 2026 में ‘पर्यटन उद्योग के विकास में मीडिया की भूमिका, उत्तराखंड के विशेष संदर्भ में’ विषय पर पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। निदेशक के रूप में उनका जोर शैक्षणिक गुणवत्ता, रोजगारपरक एवं कौशल आधारित शिक्षा, शोध एवं नवाचार, डिजिटल शिक्षण तथा उद्योग एवं शिक्षा के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर रहेगा।
महादेवी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का संचालन महादेवी कन्या पाठशाला कॉलेज समिति द्वारा वर्ष 2006 से किया जा रहा है। महादेवी कन्या पाठशाला कॉलेज समिति की स्थापना वर्ष 1902 में हुई थी और शिक्षा के क्षेत्र में इसका गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक योगदान रहा है। समिति द्वारा एमकेपी पीजी कॉलेज, देहरादून तथा महादेवी कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, देहरादून का भी संचालन किया जा रहा है। दोनों संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और समिति की समृद्ध शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। महादेवी कन्या पाठशाला कॉलेज समिति की इस ऐतिहासिक शैक्षणिक विरासत और संस्थागत अनुभव को आगे बढ़ाते हुए संस्थान को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक, तकनीकी, कौशल आधारित एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा का प्रभावी केंद्र बनाने की दिशा में डॉ. बर्त्वाल के नेतृत्व में नई पहल की अपेक्षा की जा रही है।
शैक्षणिक प्रशासन एवं संस्थागत प्रबंधन के विभिन्न दायित्वों का पूर्व अनुभव डॉ. बर्त्वाल के लिए संस्थान की नई जिम्मेदारी में महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है। कार्य परिषद, शिक्षा परिषद एवं सलाहकार निदेशक के रूप में निभाई गई जिम्मेदारियों से उन्हें उच्च शिक्षा संस्थानों के प्रशासनिक एवं अकादमिक संचालन की व्यावहारिक समझ प्राप्त हुई है। डॉ. शक्ति सिंह बर्त्वाल की नियुक्ति को संस्थान के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं संस्थागत विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ संस्थान के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को मिलने की उम्मीद है। डॉ. बर्त्वाल के निदेशक पद पर कार्यभार संभालने के बाद संस्थान में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, शोध एवं नवाचार, विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण, व्यक्तित्व विकास तथा रोजगारोन्मुखी शिक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में नई संभावनाएं बनती दिखाई दे रही हैं। महादेवी कन्या पाठशाला महाविद्यालय समिति द्वारा संचालित संस्थान में उनके नेतृत्व से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है उनकी नियुक्ति पर शिक्षाविदों, सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों एवं शुभचिंतकों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Back to top button