उत्तराखंड

जलसंस्थान के बेकाबू ट्रक ने दो महिला पर्यटकों को कुचला, हालत नाजुक

नैनीताल। सरोवर नगरी में मल्लीताल के पुराने घोड़ा स्टैंड के पास जल संस्थान का एक बेकाबू ट्रक अचानक भीड़ में घुस गया, जिससे दिल्ली से घूमने आई दो महिला पर्यटक उसकी चपेट में आ गईं। हादसा इतना भयावह था कि एक महिला का हाथ और दूसरी का पैर ट्रक के पहिए के नीचे आकर बुरी तरह चकनाचूर हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जल संस्थान का ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पहले एक वैन से टकराया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक तेजी से सड़क किनारे मौजूद लोगों की ओर बढ़ गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही दिल्ली निवासी दो महिला पर्यटक ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पालिकाध्यक्ष सरस्वती खेतवाल और सभासद भी मौके पर पहंुचे। अस्पताल की पीएमएस डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल ने बताया कि रितु डांग (42) व भारवी (20) दोनों महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने जल संस्थान के वाहन संचालन पर सवाल उठाए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। लोगों की मदद से दोनों महिलाओं को तत्काल बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया।

Related Articles

Back to top button