उत्तराखंड

खटीमा गोलीकांड की बरसी पर सीएम धामी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

खटीमा। राज्य निर्माण के लिए शहादत देने वाले खटीमा गोलीकांड  के शहीदों की याद में गुरूवार को शहीद दिवस का आयोजन किया गया। 1 सितंबर को उत्तराखंड के शहीदों की 28वीं बरसी के मौके पर खटीमा में नवनिर्मित शहीद पार्क में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
खटीमा में गुरूवार को उत्तराखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर आंदोलनकारियों पर हुए गोलीकांड की 28वीं बरसी पर नवनिर्मित शहीद पार्क में शहीदों की याद में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रक्षा और पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट समेत क्षेत्र के सैकड़ों राज्य आंदोलनकारियों और स्थानीय जनता ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर शहीदों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर मुख्यमंत्री धामी और अजय भट्ट ने सम्मानित किया। इस मौके पर अजय भट्ट ने कहा कि आज उत्तराखंड राज्य खटीमा में 1 सितंबर 1994 के दिन पुलिस की गोली से शहीद हुए शहीदों के कारण मिला है। ऐसे शहीद और उनके परिजनों को वह शत-शत प्रणाम करते हैं। उनका प्रयास रहेगा कि शहीदों के इच्छा के अनुरूप ही राज्य का निर्माण हो। वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए और शहीदों को उनकी शहादत के लिए याद किया। उन्होंने शहीद पार्क में उपस्थित राज्य आंदोलनकारियों और आम जनता से कहा कि खटीमा गोलीकांड के शहीदों की बदौलत ही हम लोगों को उत्तराखंड राज्य की प्राप्ति हुई है। सरकार का यह प्रयास है कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण शहीदों की इच्छा के अनुरूप किया जाए। इसको लेकर राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले शहीद दिवस पर घोषणा की थी कि अब खटीमा में जब भी शहीद दिवस मनाया जाएगा, वह राज्य सरकार के द्वारा मनाया जाएगा। इस बार से यह शुरुआत हो चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button