मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति के लिए राइका वांण के 13 विद्यार्थी चयनित

चमोली। मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में विकासखंड देवाल के राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज वांण के 13 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार ने चयनित विद्यार्थियों को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राइका वांण के कक्षा छह के हर्षित, मनोज, देवेंद्र, दिगंबर, हेमलता, सृष्टि, प्रियंका और चांदनी तथा कक्षा नौ के दिनेश, हिमांशु, पंकज, मनीष और मीना का छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ है। विद्यालय के एक साथ 13 विद्यार्थियों की सफलता पर विद्यालय प्रशासन के साथ ही वांण और आसपास के ग्रामीणों ने प्रसन्नता जताई है।
प्रधानाचार्य हरिश्चंद्र की अध्यक्षता में आयोजित सम्मान समारोह में सफल विद्यार्थियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को आगे भी इसी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया। मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा इस वर्ष 7 जुलाई को प्रदेशभर में आयोजित की गई थी। परीक्षा में विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षता और प्रतिभा का आकलन किया गया। इसमें शामिल विद्यार्थियों में से निर्धारित मानकों के आधार पर 10 प्रतिशत विद्यार्थियों का छात्रवृत्ति के लिए चयन किया जाता है। देवाल विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के कुल 59 विद्यार्थियों का छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ है। इनमें कक्षा छह के 29 और कक्षा नौ के 30 विद्यार्थी शामिल हैं।
एक साथ विकासखंड के 59 विद्यार्थियों की सफलता पर क्षेत्र प्रमुख तेजपाल रावत, खंड शिक्षा अधिकारी योगेंद्र सेमवाल, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला बिष्ट, बलवीर राम और वांण की ग्राम प्रधान नंदुली बिष्ट ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनकी सफलता में शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की।




