
देहरादून। राजधानी में मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने के आरोप में कैंट कोतवाली पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश सचिव सागर मनवाल समेत छह लोगों को नामजद किया गया है। कैंट कोतवाली के एसएसआई रवींद्र सिंह नेगी की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के निजी आयुर्वेदिक कॉलेजों के छात्र परीक्षा और परिणाम जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों के समर्थन में बुधवार देर रात कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री आवास की ओर पहुंच गए। इनमें ज्योति रौतेला, सागर मनवाल, विनीत प्रसाद भट्ट, पार्षद रॉबिन त्यागी, आयुष गुप्ता और परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल शामिल थे। पुलिस के मुताबिक प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए हाथीबड़कला, एनेक्सी बैरियर समेत कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी। आरोप है कि पुलिस के रोकने और निर्देश देने के बावजूद प्रदर्शनकारी तीन वाहनों से बैरिकेडिंग पार करते हुए मुख्यमंत्री आवास के गेट नंबर-2 तक पहुंच गए। यहां देर रात जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया गया। पुलिस का आरोप है कि एक वाहन चालक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के पास से जबरन वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे. बाद में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री आवास के बाहर से हटाया गया। कोतवाली कैंट प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया है कि कैंट कोतवाली के एसएसआई रवींद्र सिंह नेगी की शिकायत पर ज्योति रौतेला, सागर मनवाल, विनीत प्रसाद भट्ट, पार्षद रॉबिन त्यागी, आयुष गुप्ता और परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का उल्लंघन, बैरिकेडिंग पार करने और पुलिस के निर्देशों की अनदेखी करने के आरोपों में कार्रवाई की है।





