उत्तराखंड

निर्वाचन ड्यूटी कर घर लौट रहे चार कार्मिकों की कार खाई में गिरी, पीठासीन अधिकारी की मौत, तीन घायल

पौड़ी/देहरादून। विधानसभा सीट श्रीनगर के तीन मतदान केंद्रों पर निर्वाचन ड्यूटी कर घर लौट रहे चार कार्मिकों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। कार दुर्घटना में एक पीठासीन अधिकारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो द्वितीय मतदान अधिकारी व एक तृतीय मतदान अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद से ही निर्वाचन व शिक्षा विभाग पौड़ी में शोक की लहर है। कोतवाल पौड़ी विनोद गुसाईं ने बताया कि श्रीनगर विधानसभा के तीन मतदान केंद्रों के चार निर्वाचन कार्मिकों ने मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद ईवीएम को मतगणना स्थल पर जमा किया।
मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे चारों पौड़ी से देहरादून के लिए रवाना हुए, लेकिन पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर खोलाचौंरी के समीप दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। दुर्घटना में विधानसभा सीट श्रीनगर के राप्रावि चौपड़ा मतदान केंद्र के पीठासीन अधिकारी रणवीर सिंह नेगी (50) पुत्र त्रिलोक सिंह निवासी भानियावाला देहरादून की मौत हो गई। बकि राप्रावि चौपड़ा के द्वितीय मतदान अधिकारी नरेंद्र सिंह गुसांई (चालक), राप्रावि नवाखाल मतदान केंद्र के द्वितीय मतदान अधिकारी सुरेंद्र सिंह व राप्रावि चिपलघाट के तृतीय मतदान अधिकारी जय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। घायलों को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इनमें नरेंद्र सिंह गुसाईं की स्थिति नाजुक है। दुर्घटना में घायल तीनों लोगों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम डा. विजय कुमार जोगदंडे ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि निर्वाचन विभाग व जिला प्रशासन कार्मिक के परिवार के साथ खड़ा है। परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी। कार दुर्घटना में घायल निर्वाचन कार्मिकों में दो यमकेश्वर और दो नैनीडांडा ब्लाक में सेवारत हैं। पीठासीन अधिकारी रणवीर सिंह नेगी यमकेश्वर ब्लाक के जनता इंटर कालेज बुधौली में प्रभारी प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। जबकि तृतीय मतदान अधिकारी जय सिंह रावत जनता इंटर कालेज बुधौली में कनिष्ठ सहायक हैं। सुरेंद्र सिंह रावत नैनीडांडा ब्लाक के राप्रावि दिगोली और नरेंद्र सिंह गुसाईं नैनीडांडा के राप्रावि कलखोबिया में सहायक अध्यापक हैं। मृतक रणवीर नेगी भानियावाला, घायल नरेंद्र गुर्साइं विकासनगर, सुरेंद्र सिंह हाथीबड़कला देहरादून व जय सिंह बापूग्राम ऋषिकेश के रहने वाले हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button