उत्तराखंडदेश-विदेश

ओम पर्वत और आदि कैलाश में हवाई सेवा के विरोध में उतरे ग्रामीण

पिथौरागढ़। सीमांत तहसील धारचूला में सरकार द्वारा ओम पर्वत और आदि कैलाश के दर्शन हेलीकॉप्टर से कराए जाने के निर्णय का विरोध तेज हो गया है। इसी क्रम में आज व्यास जनजाति संघर्ष समिति के आह्वान पर दारमा,चौदास और व्यास वैली के सैकड़ों ग्रामीणों ने नगर में पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ गांधी चौक, अटल चौक,मल्ली बाजार, घटधार और तहसील रोड़ में हेली सेवा के विरोध में जमकर नारेबाजी करते हुए पर्यटन विभाग और सरकार का विरोध किया।
ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर जनसभा की। जिसमें व्यास घाटी के ग्रामीण महेंद्र बुदियाल ने कहा कि सरकार द्वारा लिए गए निर्णय से स्थानीय लोगों के हित प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने लाखों रुपए का लोन लेकर क्षेत्र में होमस्टे सहित पर्यटन व्यापार के लिए वाहन आदि में पैसा खर्च किया है। ऐसे में दिल्ली से सेवा शुरू होने पर सभी की मुश्किलें बढ़ जाएंगी।
व्यास संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजन नबियाल ने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा हेलीकॉप्टर से आदि कैलाश और ओम पर्वत दर्शन करना दुर्भाग्यपूर्ण है। क्षेत्र में पर्यटन संबंधित सभी संसाधनों को पर्यावरण अनुकूल तरीके से विकसित करना होगा। लगातार हेली उड़ने से उच्च क्षेत्र में पारिस्थितिकी तंत्र पर प्रतिकूल असर पड़ने से दुर्लभ प्रजाति के जानवर जैसे हिम तेंदुआ,हिमालयन ब्लू शीप, कस्तूरी मृग,हिमालय थार और अन्य जीव पर भी गलत असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्णय वापस नहीं लेने पर तीनों घाटियों के दर्जनों गांवों में लोकसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। वहीं, महासचिव हरीश कुटियाल ने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन विभाग के सभी विश्राम गृहों में तालाबंदी करते हुए क्षेत्र की जनता असहयोग आंदोलन भी शुरू करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button