उत्तराखंड

रायपुर के लक्ष्मी नारायण मंदिर में विराजे बप्पा, 2.5 क्विंटल की प्रतिमा बनी उत्सव का आकर्षण

देहरादून। पौराणिक एवं ऐतिहासिक श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, रायपुर के मुख्य भवन में सोमवार, 14 सितंबर 2026 को श्री गणेश जी की प्राण प्रतिष्ठा पूर्ण विधि-विधानपूर्वक धार्मिक अनुष्ठानों एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। इस वर्ष गणेशोत्सव का मुख्य आकर्षण गणेश जी की 2.5 कुंतल वजनी भव्य प्रतिमा है, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। आचार्य श्री शशिकांत जी के सानिध्य में आयोजित इस पावन अनुष्ठान के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और श्री गणेश जी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। सात दिवसीय यह भव्य गणेशोत्सव 14 सितंबर से प्रारंभ होकर 20 सितंबर 2026 तक श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा।
’वर्ष 2001 में हुई थी गणेशोत्सव की शुरुआत’
रायपुर में श्री गणेश उत्सव का इतिहास गौरवशाली रहा है। इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत वर्ष 2001 में श्री रामकुमार शर्मा जी के परिवार द्वारा श्रद्धाभाव से की गई थी। प्रारंभ में पारिवारिक स्तर पर शुरू हुए इस उत्सव को समय के साथ स्थानीय युवाओं का सहयोग मिला। युवाओं की आस्था और सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन धीरे-धीरे संगठित एवं वृहद स्वरूप लेता गया और आज एक भव्य धार्मिक उत्सव के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।
’2017 से श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर बना आस्था का प्रमुख केंद्र’
इसी क्रम में वर्ष 2017 से प्रति वर्ष गणेशोत्सव का यह भव्य आयोजन रायपुर स्थित पौराणिक श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में निरंतर आयोजित किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी 14 से 20 सितंबर तक आयोजित होने वाले गणेशोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। इस वर्ष 2.5 कुंतल की भव्य गणेश प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जिसे देखने और बप्पा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
’प्रमुख रूप से रहे उपस्थित’
इस पावन अवसर पर मुख्य यजमान एवं संयोजक भीम दत्त तिवारी तथा गोरे लाल पाण्डेय ने विधिवत पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम में प्रवक्ता एवं संयोजक रचित गौड़, कार्तिक गौड़, वैभव गौड़, शान्तनु भारद्वाज, कुनाल कोठारी, तनुज शर्मा एवं अंकित शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके साथ ही ग्राम उत्थान एवं संगठन समिति के सभी सम्मानित पदाधिकारी एवं सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने प्रथम पूज्य गणेश जी का आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button