उत्तराखंड

बाजपुर आ रहे पूर्व मंत्री यशपाल आर्य की गाड़ी पर भीड़ ने किया हमला

देहरादून। कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने बाजपुर आ रहे पूर्व मंत्री यशपाल आर्य की गाड़ी पर भीड़ ने हमला कर दिया। बाद में यशपाल आर्य किसी तरह अपने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे। आर्य ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि जानलेवा हमले में उनके बेटे समेत कई समर्थक चोटिल हुए हैं। पूर्व मंत्री आर्य की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुलविंदर सिंह किंदा समेत 13 लोगों पर विभिन्न धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूर्व मंत्री यशपाल आर्य ने दर्ज रिपोर्ट में कहा है कि शनिवार दोपहर को वे समर्थकों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने बाजपुर आ रहे थे। साथ में उनके बेटे पूर्व विधायक संजीव आर्य और कांग्रेस नेता हरेंद्र सिंह लाडी व अन्य समर्थक थे। जैसे ही उनका काफिला बाजपुर स्थित श्मशान घाट के पास पहुंचा असमाजिक तत्वों ने लाठी-डंडों और तलवारों के साथ उन्हें रोक लिया। जब वे और उनके बेटे भीड़ को समझाने के लिए नीचे उतरे तो भीड़ ने हमला कर दिया। इसमें उनके बेटे संजीव आर्य को और समर्थकों को चोटें आईं। बाद में किसी तरह यशपाल अपने बेटे व समर्थकों के साथ पैदल ही कोतवाली पहुंचे और हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए धरने पर बैठ गए। पुलिस ने आर्य की तहरीर पर पूर्व जिपं सदस्य कुलविंदर सिंह किंदा समेत 13 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button