उत्तराखंडबड़ी खबरराजनीति

कर्नल अजय कोठियाल भाजपा के हुए

देहरादून। विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के दावेदार रहे कर्नल (रिटायर्ड) अजय कोठियाल मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी और वरिष्ठ नेता मदन कौशिक की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने हाल ही में आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दिया था। उन्हें भाजपा कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दे सकती है।
कर्नल अजय कोठियाल और पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष भूपेश उपाध्याय के बाद तीन सौ से अधिक पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा दिया था। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भेजे गए इस्तीफे में पदाधिकारियों ने कहा था कि वर्तमान में जिस तरह से संगठन काम रहा है, उससे लगता है कि उत्तराखंड में आप का कोई भविष्य नहीं है। अपने इस्तीफे को लेकर कर्नल ने कहा था कि त्यागपत्र पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्धसैनिकों, बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बुद्धिजीवियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए दिया है। कोठियाल के बाद आम आदमी पार्टी के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष भूपेश उपाध्याय ने भी इस्तीफा दे दिया है। जून 2013 में केदारनाथ में आई आपदा के बाद धाम के पुनर्निर्माण में कर्नल कोठियाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सेवानिवृत्ति के बाद वह युवाओं को सेना में भर्ती के लिए प्रशिक्षण देने में जुट गए। वहीं उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के चुनाव से पहले कर्नल कोठियाल ने आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल होकर राजनीतिक पारी की शुरुआत की। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कर्नल कोठियाल को उत्‍तराखंड में आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया। आम आदमी पार्टी ने 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन वह एक सीट भी नहीं जीत पाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button