उत्तराखंड

गाय से टकराई स्कूटी, युवती की मौत

हल्द्वानी। देर रात रामपुर रोड स्थित बेलबाबा मंदिर के समीप  सड़क पार कर रही गाय से टकराकर स्कूटी सवार युवती घायल हो गई। सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति ने युवती को डा. सुशीला तिवारी अस्पताल के समीप एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उपचार के दौरान युवती की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार कमलुवागांजा हिम्मतपुर तल्ला निवासी 24 वर्षीय श्रेया जोशी पुत्री ओमप्रकाश जोशी रात में रुद्रपुर सिडकुल से ड्यूटी कर घर लौट रही थी। इस दौरान सड़क पर वह गाय से टकरा गई। एक राहगीर ने डायल 112 पर सूचना दी कि रामपुर रोड पर बेलबाबा के पास एक युवती स्कूटी के साथ घायल अवस्था में पड़ी है।कालर ने युवती को अपनी गाड़ी में बैठाकर तत्काल हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। डायल 112 पर मिली सूचना के बाद पुलिस कर्मी भी सूचना पर अस्पताल पहुंचे, जहां युवती का उपचार किया जा रहा था। युवक ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली से हल्द्वानी आ रहा था।रास्ते में सड़क पर एक गाय पड़ी दिखी, जिसे हटाने के लिए जैसे ही वह उतरा तो सड़क किनारे एक युवती घायल अवस्था में पड़ी थी। उसने तुरंत युवती को अपने वाहन में डालकर पुलिस को सूचना दी और अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान युवती की मौत हो गई।टीपी नगर चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि युवती की स्कूटी सड़क पर गाय से टकरा गई थी। स्कूटी के आगे गाय के बाल भी लगे मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला गाय से टकराने का प्रतीत हो रहा है।

Related Articles

Back to top button