शास्त्रीनगर में बारिश ने खोली सरकार के ट्रिपल इंजन की पोल, वर्षों से नहीं बना ड्रेनेज प्लानः अभिनव थापर

देहरादून। देहरादून के कैंट विधानसभा क्षेत्र के काँवली स्थित शास्त्री नगर में उस सड़क का क्षेत्रवासियों के साथ दौरा किया, जिसका वीडियो बारिश के दौरान वाहनों और ऑटो के पानी में बहने के कारण वायरल हुआ था। क्षेत्रवासियों से मौके पर बातचीत कर जलभराव की गंभीर समस्या और उससे हो रहे नुकसान की जानकारी ली। कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर ने कहा कि शास्त्री नगर में हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव होना भाजपा सरकार के ट्रिपल इंजन के फेलियर का जीता-जागता उदाहरण है। नालियों की समय पर सफाई नहीं होती, ड्रेनेज व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और बारिश का पानी निकालने के लिए कोई प्रभावी स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कैंट विधानसभा में भाजपा के 35 वर्षों के शासन के बावजूद हजारों लोगों की इस मूलभूत समस्या के समाधान के लिए आज तक एक समग्र ड्रेनेज प्लान तक नहीं बनाया जा सका।
अभिनव थापर ने कहा कि उल्लेखनीय है कि शास्त्री नगर क्षेत्र में कैंट विधानसभा के चार वार्ड 39, 40, 41 एवं 42 के हजारों लोग निवास करते हैं, बावजूद इसके क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस और स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। इस बार स्थिति और भयावह रही। नालों में गाड़ियां और ऑटो फंसने से पानी का बहाव बाधित हुआ और गंदे पानी का तेज बहाव आसपास के घरों में घुस गया। अनेक परिवारों के घरों में पानी भरने से घरेलू सामान और संपत्ति को भारी नुकसान हुआ तथा लोगों की जान-माल की सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा हो गया।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि बारिश के दौरान उनके घरों में लगातार पानी घुसता है और उन्हें हर साल अपने परिवार, घर और सामान की सुरक्षा की चिंता रहती है। इस बार लगभग प्रत्येक घर प्रभावित हुआ। अभिनव थापर ने कहा कि यह केवल जलभराव की समस्या नहीं बल्कि भाजपा सरकार की लापरवाही और प्रशासनिक विफलता का परिणाम है।
थापर ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही शास्त्री नगर और आसपास के क्षेत्रों की जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तथा वैज्ञानिक ड्रेनेज व्यवस्था और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित नहीं की गई, तो कांग्रेस क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी। जनता को हर साल जलभराव की त्रासदी झेलने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। क्षेत्र के दौरे के दौरान बिमलेश वर्मा, अवधेश कुमार, मालती देवी, कमला रावत, सीता भट्ट सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।





