उत्तराखंड

छोटे बच्चों को चोरी कर बेचने वाला क्रूर मुस्ताक पकड़ा गया

हरिद्वार। हरिद्वार में छोटे बच्चों को चोरी कर बेचने वाला क्रूर मुस्ताक पकड़ा गया है। जून माह में गाजियाबाद से चोरी किए एक बच्चे के दोनों हाथों में छह-छह उंगली होने से जब सौदा नहीं हो रहा था तो क्रूर मुस्ताक ने दोनों हाथों की एक-एक उंगलियां कटवा दी। इससे बच्चे का सौदा भी हो गया और बच्चे की पहचान भी छिप गई। इस सनसनीखेज खुलासे से पुलिस भी दंग है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के मुताबिक गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से चोरी किए डेढ़ साल के बच्चे के दोनों हाथों में छह-छह उंगलियां थीं। तस्कर मुस्ताक निवासी बदायूं हाल निवासी सिडकुल ने बच्चे को चोरी करने के बाद बदायूं में बेचने के लिए सौदा किया। लेकिन खरीदार ने बच्चे के दोनों हाथ में छह-छह उंगली देखने के बाद सौदे से इंकार कर दिया। इसके बाद आरोपी मुस्ताक ने ऐसा कदम उठाया कि जिसे सुनकर हर कोई हैरान है।
क्रूर तस्कर ने बच्चे का सौदा करने के लिए उसके दोनों हाथों की एक-एक उंगली कटवा दी। इसके बाद बच्चे को बदायूं में दस हजार में बेच दिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने इसका खुलासा किया है। बच्चे की उंगलियां आरोपी ने कहां कटवाई और किसने काटी, इसको लेकर भी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जबकि मुस्ताक ने सितंबर माह में दूसरा बच्चा चोरी किया था। एएचटीयू के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया है कि उसने दिल्ली से चुराए गए बच्चे को देहरादून में 45 हजार में बेचा था। जबकि गाजियाबाद से बच्चे को चोरी कर बदायूं में करीब 10 हजार में ही सौदा कर दिया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई लोग बच्चा गोद तो लेना चाहते हैं, लेकिन गोद लेने से पहले बच्चे की पूरी जानकारी हासिल नहीं करते हैं। जिसका फायदा तस्कर उठाते हैं। वह आसानी से बच्चा चोरी करने के बाद उसे आगे बेच देते हैं। जिससे तस्कर के साथ ही बच्चा गोद लेने वाला भी अपराध में शामिल हो जाता है। आरोपी बेहद शातिर है। उसने अन्य कई लोगों को भी बच्चा गोद दिलाने के नाम पर कई-कई लाख रुपये वसूल रखे हैं। पुलिस का मानना है कि अगर आरोपी पकड़ में न आता तो वह कई और अन्य बच्चों को भी चोरी करने की घटना को अंजाम दे सकता था। देशभर में पूर्व में हुई बच्चा चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने आरोपी मुस्ताक की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की है। अगर उक्त आरोपी ने किसी भी अन्य क्षेत्र में चोरी की घटना को अंजाम दिया होगा तो वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पुलिस उसकी फोटो से मिलान कर पहचान कर सकेगी।
————————————————–

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button