उत्तराखंड

जे.जे. अस्पताल मुम्बई का स्वास्थ्य मंत्री डा. रावत ने किया भ्रमण  

देहरादून/मुम्बई। मुम्बई महाराष्ट्र के दो दिवसीय राजकीय भ्रमण के दौरान सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने आज चिकित्सा के क्षेत्र में ख्याति प्राप्त ग्रांट गवर्मेंट मेडिकल कॉलेज एंड सर जे0जे0 ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स मुम्बई का भ्रमण किया। इस दौरान डॉ0 रावत ने मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टॉफ के साथ उनकी कार्य प्रणाली एवं चिकित्सकीय सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। स्वास्थ्य मंत्री डॉ0 रावत ने कहा कि देश के नाम अस्पतालों में से एक जे0जे0 अस्पताल की कार्यप्रणाली एवं चिकित्सकीय सुविधाओं को उत्तराखंड के मेडिकल कॉलेजों एवं जिला अस्पतालों में लागू करने का प्रयास किया जायेगा, इसके लिये शीघ्र ही स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों के एक दल को अध्ययन के लिये जे0जे0 अस्पताल मुम्बई भेजा जायेगा।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने अपने मुम्बई प्रवास के दूसरे दिन देश के ख्याति प्राप्त अस्पतालों में से एक ग्रांट गवर्मेंट मेडिकल कॉलेज एंड सर जे0जे0 ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स मुम्बई का भ्रमण किया। जहां पर उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न चिकित्सा सुविधाओें का अवलोकन करने के साथ ही अस्पताल प्रबंधन, विशेषज्ञ चिकित्सको एवं पैरा मेडिकल स्टॉफ से भी विस्तारपूर्वक चर्चा कर विभिन्न चिकित्सकीय जानकारियां ली। भ्रमण के दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उनकी पढाई एवं सुविधाओं को लेकर चर्चा की। करीब दो घंटे से अधिक समय तक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भ्रमण के दौरान डॉ0 रावत ने वहां अपना इलाज करा रहे विभिन्न राज्यों से आये रोगियों एवं उनके तीमारदारों से भी बातचीत की। अपने अस्पताल भ्रमण को लेकर मीडिया को जारी एक बयान में स्वास्थ्य मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने कहा कि ग्रांट गवर्मेंट मेडिकल कॉलेज एंड सर जे0जे0 ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स मुम्बई पिछले 175 वर्षों से चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा है। जहां पर आधुनिकतम चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां पर अपना उपचार करा रहे विभिन्न राज्यों से आये मरीज भी यहां की चिकित्सकीय सेवाओं से संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी ग्रांट गवर्मेंट मेडिकल कॉलेज एंड सर जे0जे0 ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स मुम्बई की तर्ज पर चिकित्सकीय सुविधाओं का विस्तार किया जायेगा। जिसके लिये शीघ्र ही विभाग के उच्चाधिकारियों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों के एक दल को अध्ययन हेतु जे0जे0 अस्पताल मुम्बई भेजा जायेगा जो यहां की विभिन्न चिकित्सकीय सुविधाओं एवं प्रबंधकीय कार्यप्रणाली का विस्तृत अध्ययन कर एक रिपोर्ट तैयार करेगा जिसका क्रियान्वयन भविष्य में राज्य के मेडिकल कॉलेजों एवं जिला अस्पतालों में किया जायेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button