उत्तराखंड

एमडीडीए ने मसूरी में अनाधिकृत चार दुकानों को किया ध्वस्त

मसूरी। अवैध निर्माण पर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्यवाही करते हुए अपर माल रोड स्थित रॉक स्टोन बिल्डिंग पर चार अनाधिकृत रूप से बनी दुकानों को पीले पंजे से भारी पुलिसबल की कड़ी सुरक्षा के बीच ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान अपर माल रोड को सुरक्षा की दृष्टि से बंद रखा गया।
प्रातः सुबह आठ बजे के करीब एमडीडीए ने मालरोड रॉक स्टोन पर यह कार्रवाई की ताकि दिन के समय लोगों को परेशानी न हो। एमडीडीए के अधिकारी प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस बल के साथ मौके पर गये व जेसीबी की मदद से अवैध बनी चार दुकानें ध्वस्त कर दी। विभाग द्वारा कड़ी सुरक्षा के बीच दुकानों के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई है। मौके पर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ ही प्रशासन और पुलिस की टीम  मौजूद रही। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के संयुक्त सचिव के निर्देशों के बाद आज सुबह आठ बजे बजे हुई कार्यवाही के बाद अवैध निर्माण कर्ताओं में हड़कंप मच गया है। लंबे समय से अवैध निर्माण की शिकायतों के बाद आज विभाग द्वारा बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया है। संदीप मेहरोत्रा राजीव मेहरोत्रा द्वारा अपर माल रोड रॉक स्टोन बिल्डिंग पर अनाधिकृत रूप से चार दुकानों का निर्माण किया गया था। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा नोटिस जारी करने के बाद भी निर्माण कार्य को नहीं हटाया गया था इसके बाद आज विभाग द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई है। इस मौके पर नायब तहसीलदार उपेंद्र राणा ने बताया कि उप जिलाधिकारी द्वारा अवैध निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉकस्टोन बिल्डिंग पर बनी चार दुकानों के ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए गए थे। अवैध निर्माण कर्ताओं को 15 दिन का समय दिया गया था जो 2 तारीख को पूरा हो गया था उसके बाद भी उनके द्वारा अवैध निर्माण पर कार्यवाही नहीं की गई जिसके बाद जिला प्रशासन, मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण, नगर पालिका और मसूरी पुलिस द्वारा कार्यवाही की गई है। इस दौरान मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता अजय मलिक, अवर अभियंता अनुराग नौटियाल, अवर अभियंता अनुज पांडेय, सुपरवाइजर संजीव कुमार, उदय नेगी, नायब तहसीलदार उपेंद्र सिंह राणा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मसूरी देवेंद्र सिंह चैहान सहित भारी पुलिस बल साथ मौके पर मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button