पहली नवरात्रि पर मां नयना देवी मंदिर पहुंची जहान्वी कपूर

नैनीताल। शहर में एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में पहुंची अभिनेत्री जहान्वी कपूर ने नयना देवी मंदिर के दर्शन किए। मंदिर में पूजा अर्चना के बाद जहान्वी ने शिवलिंग में जल भी चढ़ाया। इस दौरान वह नैनीताल की खूबसूरती की मुरीद नजर आई। उन्होंने कहा कि नैनीताल का मौसम और खूबसूरत झील बेहद ही दर्शनीय है।
रविवार को जहान्वी कपूर का दोपहर में नयना देवी मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम था। ठीक 12.45 में वह अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ बेहद ही सादे लिबास में पार्किंग से नंगे पैर चलकर मंदिर परिसर पहुंची। यहां उन्होंने नयना देवी मंदिर में दर्शन और पूजा अर्चना की। जिसके बाद परिसर में भ्रमण कर शिवलिंग पर जल चढ़ाया। इधर उत्तर भारत के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल टनकपुर के मां पूर्णागिरि धाम में नवरात्र के पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। शनिवार की शाम से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। रविवार सुबह आठ बजे तक 20 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे।मंदिर समिति ने चैबीसों घंटे दर्शनों की सुविधा उपलब्ध कराई है। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत, बहराईच, सहारनपुर, इटावा, अलीगढ़, बरेली, नबाबगंज सहित उत्तराखंड के हल्द्वानी, रुद्रपुर, खटीमा आदि स्थानों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पड़ोसी देश नेपाल के ब्रह्मदेव, महेंद्रनगर, बौंतड़ी आदि जगहों से श्रद्धालु मां के दर्शन को आ रहे हैं।





