उत्तराखंडशिक्षा

नरेंद्रनगर महाविद्यालय के वार्षिक क्रीड़ा समारोह का हुआ शुभारंभ

देहरादून। धर्मानन्द उनियाल राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर के दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह का शुभारंभ पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज नरेंद्रनगर में किया गया। कार्यक्रम का आगाज़ करते हुए कॉलेज प्राचार्य  डॉ यू सी मैठानी ने खेलों के शारीरिक, मानसिक एवं मनोवैज्ञानिक महत्व को बताते हुए छात्र छात्राओं को खेलों की शुचिता एवं खेल सदभावना  की शपथ दिलवाते हुए छात्रों का उत्साहवर्धन किया। कॉलेज प्राचार्य डॉ यू सी मैथानी, क्रीड़ा प्रभारी डॉ संजय कुमार एवं खेल प्रशिक्षक विपिन डंगवाल ने संयुक्त रूप से  कॉलेज की धाविका अंजलि और धावक भीम सिंह  को बैटन रेस के लिए हरी झंडी दिखा कर कार्यक्रम का विधिवत आरम्भ किया।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि उर्वशी चौहान, एसपीओ, पीटीसी नरेंद्रनगर एवं हितेश कुमार, प्रतिसार निरीक्षक, पी टी सी नरेंद्रनगर का पुष्पगुच्छ  एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। उर्वशी चौहान, एसपीओ, पीटीसी नरेंद्रनगर ने जीवन में खेल कूद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को संयम, अनुशासन और समय प्रबंधन का मंत्र दिया। वार्षिक क्रीड़ा समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिनमें प्रतिभागियों एवं छात्र छात्राओं का उत्साह देखने योग्य रहा। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार  रहे। प्रथम 100 मीटर फर्राटा रेस में बालिका वर्ग में अंजलि बी एस सी प्रथम वर्ष, आरती रावत बी ए  प्रथम वर्ष, शिवानी चमोली बी एस सी तृतीय वर्ष  ने तो वही बालक वर्ग में जीवन सिंह बी ए प्रथम वर्ष, सार्थक बी ए प्रथम वर्ष व पीयूष बी ए प्रथम वर्ष ने क्रमशः प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन एकल प्रतियोगिता में बालक वर्ग में बी एस सी द्वितीय वर्ष के कमल रावत प्रथम, बी कॉम द्वितीय वर्ष के कृष्णा नेगी द्वितीय एवं बी कॉम प्रथम वर्ष के तुषार अरोडा तृतीय स्थान पर रहे।
भाला फेंक प्रतिस्पर्धा बालिका वर्ग में 39.01 फ़ीट की दूरी के साथ बी ए प्रथम वर्ष की आरती ने प्रथम स्थान, तो वहीं बी एस सी तृतीय वर्ष की काजल ने द्वितीय एवं बी एस सी प्रथम वर्ष  की निकिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद स्पर्धा बालक वर्ग में  बी ए प्रथम वर्ष के  सार्थक 56 इंच के साथ प्रथम, बी ए तृतीय वर्ष के मयंक द्वितीय, व बी ए प्रथम वर्ष के राहुल थपलियाल  तृतीय रहे तो वहीं बालिका वर्ग  में बी एस सी प्रथम वर्ष की अंजलि ने 90 सेंमी0 के साथ प्रथम, बी ए प्रथम वर्ष की आरती व आरती रावत द्वितीय और तृतीय रहीं। लांग जम्प कम्पटीशन में बालिका वर्ग में बी एस सी प्रथम वर्ष की अंजलि 39.01इंच के स्कोर के साथ अव्वल रही वही बी ए प्रथम वर्ष की आरती और आरती रावत ने द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही बालक वर्ग में मयंक  बी ए तृतीय वर्ष ने  17.04 फ़ीट के साथ प्रथम तो वहीं सूरज खत्री बी ए द्वितीय वर्ष ने द्वितीय एवं राहुल थपलियाल बी ए प्रथम वर्ष के छात्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चक्का फेंक प्रतियोगिता में बालक वर्ग में बी ए तृतीय वर्ष के मयंक ने 63.05 फ़ीट के साथ प्रथम स्थान सुनिश्चित किया , बी ए प्रथम वर्ष के पीयूष नेगी एवं बी ए तृतीय वर्ष के सूरज खत्री ने क्रमशः द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया तो इसी प्रतियोगिता में बालिका वर्ग  में निकिता बी एस सी प्रथम वर्ष,   आरती बी ए प्रथम वर्ष व काजल बी एस सी तृतीय वर्ष को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान मिला। गोला फेंक प्रतियोगिता में बालक वर्ग में सार्थक रावत बी ए प्रथम वर्ष, सूरज खत्री बी ए द्वितीय वर्ष एवं सुमित रावत बी कॉम प्रथम वर्ष ने प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान पक्का किया तो वहीं बालिका वर्ग में निकिता बी एस सी प्रथम वर्ष, आरती बी ए प्रथम वर्ष और  बी एस सी तृतीय वर्ष की शिवानी चमोली ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय, व तृतीय स्थान हासिल किया। 200 मीटर रेस में बालिका वर्ग में बी एस सी तृतीय वर्ष की शिवानी चमोली ने प्रथम, बी ए प्रथम वर्ष की आरती ने द्वितीय बी एस सी प्रथम वर्ष की अंजलि रावत ने तृतीय स्थान पाया तो वही बालक वर्ग में बी ए तृतीय वर्ष के मयंक ने प्रथम, बी ए तृतीय वर्ष के नीरज गर्ब्याल ने द्वितीय और बी एस सी द्वितीय वर्ष के कमल रावल ने तृतीय स्थान पक्का किया।पांच ओवर का क्रिकेट मैच टीम अ और टीम ब के बीच खेला गया जिसमे टीम अ ने 49 रन का स्कोर बनाकर विजय प्राप्त की।
शतरंज प्रतिस्पर्धा बालिका वर्ग में अंजलि बी एस सी प्रथम वर्ष ने प्रथम तथा बी ए प्रथम वर्ष की आरती द्वितीय रही तो बालक वर्ग में रस्साकशी प्रतियोगिता में बालक वर्ग में नौ सदस्यी अ और ब टीम में टीम अ विजेता रही। सभी विजेताओ को उर्वशी चौहान,  एसपीओ, पीटीसी नरेंद्रनगर ने मैडल, सर्टिफिकेट और ट्रॉफी दे कर  सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि इस अवसर पर  पीटीसी एकादश और जीडीसी एकादश के बीच एक दस ओवर का मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच भी खेला गया जिसमें पीटीसी और जीडीसी के शिक्षकों एवं कर्मचारियों का उत्साह काबिलेगौर रहा। मंच का संचालन डॉ जितेंद्र नौटियाल ने किया तो वहीं क्रिकेट मैच की कमेंट्री का दारोमदार डॉ विक्रम बर्त्वाल और डॉ हिमांशु जोशी ने बखूबी संभाला। इस अवसर पर सभी प्राध्यापकगण शिक्षणेत्तर कर्मचारीगण एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button