उत्तराखंड

ओवर लोडिंग पर 16 वाहनों का चालान काटा

विकासनगर। परिवहन विभाग की टीम ने विकासनगर से कालसी चकराता क्षेत्र के मार्गों पर ओवर लोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। परिवहन विभाग की टीम ने इस दौरान 16 लोडर वाहनों का चालान किया।
एआरटीओ आरएस कटारिया के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने बुधवार को विकासनगर-कालसी- चकराता मार्ग पर लोडरों में सवारियों और सामान की ओवर लोडिंग के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान 16 लोडर वाहनों में बड़े पैमाने पर ओवर लोडिंग पायी गयी। कई जगह सवारियां लोडर के डाले के ऊपर जाल लगाकर पांच सवारियों के परमिट वाले लोडरों में पंद्रह से बीस सवारी बैठाये हुए पाये गये। जिस पर कार्रवाई करते हुए एआरटीओ ने ऐसे 16 वाहनों का चालान किया है। पूर्व में हुई दुर्घटनाओं के बाद एआरटीओ ने अभियान चलाकर लोडरों के डाले पर लगायी गयी जालियां हटा दी थीं। लेकिन अभियान बंद होने के बाद फिर से लोडर चालकों ने डाले पर सवारियों को बैठाने के लिए लोडरों के डालों पर जालियां लगाकर ओवर लोडिंग शुरू कर दी है। एआरटीओ रावत सिंह कटारिया ने कहा कि सभी लोडरों की जालियां हटाई जाएंगी। ओवर लोडिंग के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। उधर, एआरटीओ की कार्रवाई शुरू होते ही लोडर चालकों में हड़कंप मच गया। मुख्य मागों से लोडर चालक गायब होकर ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर भाग निकले और एआरटीओ की कार्रवाई तक वाहनों के साथ छुपे रहे।

Related Articles

Back to top button