व्यवस्थाओं को लेकर सीडीओ ने मारा छापा

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इस वर्ष यात्रा ने शुरुआत से ही रिकॉर्ड रफ्तार पकड़ ली है। महज चार दिनों के भीतर ही धाम पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या एक लाख के पार पहुंच गई है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे यात्रा मार्ग पर उत्साह और रौनक देखने को मिल रही है। तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय और सतर्क नजर आ रहा है। प्रशासनिक टीमें सुबह से लेकर देर रात तक यात्रा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने में जुटी हुई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
डीएम विशाल मिश्रा जहां केदारनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं, वहीं सीडीओ भी रुद्रप्रयाग से सोनप्रयाग तक यात्रा व्यवस्थाओं को जुटाने में लगे हैं। वे भी सुबह से देर रात तक यात्रा मार्गों का जायजा ले रहे हैं। मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र रावत ने रुद्रप्रयाग से फाटा तक केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्ग पर शौचालय, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनका हालचाल जाना और यात्रा संबंधी सुझाव भी प्राप्त किए।
सीडीओ ने नारायणकोटी सहित विभिन्न स्थानों पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं सुधार कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही गुप्तकाशी, फाटा एवं अन्य प्रमुख पड़ावों पर शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था को हर समय दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश भी दिए। तीर्थयात्रियों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए बताया कि हाईवे के चौड़ीकरण से जाम की समस्या में काफी राहत मिली है। वहीं, शौचालयों में सफाई व्यवस्था बेहतर है और होटल, लॉज व ढाबों में भोजन एवं ठहरने की सुविधाएं भी संतोषजनक हैं।
मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र रावत ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पुलिस, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ तथा वाईएमएफ के जवान निरंतर सेवाओं में तैनात हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य, पेयजल और पशुपालन विभाग भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी तत्परता से कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चार दिनों में एक लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा पार होना इस बात का प्रमाण है कि प्रशासन द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर किए गए प्रयास प्रभावी साबित हो रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित, सुव्यवस्थित और संतोषजनक यात्रा अनुभव के साथ अपने गंतव्य तक पहुंचे। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा भी निरीक्षण टीम के साथ मौजूद रहे।





