उत्तराखंड

पैराग्लाइडिंग साइट पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते पर्यटक की मौत

नैनीताल। भीमताल में पैराग्लाइडिंग साइट पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण गुजरात के एक पर्यटक की मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि प्रशासन, पुलिस और पर्यटन विभाग दो दिन बाद भी हादसे की सूचना नहीं होने की बात कह रहे हैं। इस हादसे ने एक बार फिर पैराग्लाइडिंग साइट पर पायलटों और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर बरती जा रही लापरवाही को उजागर कर दिया है।
मारे गए पर्यटक के परिजनों का आरोप है कि हादसे के वक्त मौके पर एंबुलेंस तक नहीं मिली। एक स्थानीय व्यक्ति ने अपनी कार से गंभीर रूप से घायल हालत में पर्यटक को अस्पताल पहुंचाया। पैराग्लाइडिंग साहसिक पर्यटन की श्रेणी में आता है। यानि इस खेल के दौरान हादसे का खतरा बना रहता है। यही कारण है कि पैराग्लाइडिंग साइट पर हमेशा ही सुरक्षा के सभी नियमों का पालन अनिवार्य किया गया है। इसके विपरीत भीमताल की पैराग्लाइडिंग साइट पर इस साल दो हादसे हो चुके हैं। दोनों ही हादसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हादसे का कारण बनी है। शुक्रवार को हुआ हादसा भी पैराग्लाइडिंग साइट पर सुरक्षा प्रबंधों में लापरवाही के कारण हुआ। जहां पर्यटक फोटो खींचने के लिए टेकऑफ साइट पर पहुंच गया। इस बीच हुए हादसे में पर्यटक और पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए। हैरत की बात ये है कि इस हादसे की सूचना स्थानीय पुलिस और पर्यटन विभाग तक नहीं पहुंच पाई। ऐसे में जिम्मेदार विभागों के स्तर से निगरानी भी सवालों के घेरे में आ जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button