उत्तराखंडराजनीति

माकपा महंगाई के विरोध में जिला मुख्यालय में 8 अगस्त को करेगी प्रदर्शन

रूद्रप्रयाग। माकपा जिला कमेटी की बैठक में केंद्र सरकार की जनविरोधी और किसान विरोधी नीतियों का विरोध किया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि इसके खिलाफ जनता को एकजुट करते हुए आंदोलन किया जाएगा। साथ ही 8 अगस्त को महंगाई के विरोध में मुख्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा।
मुख्यालय स्थित संगम बाजार काली कमली धर्मशाला में आयोजित बैठक पार्टी के जिला सचिव मंडल के सदस्य दौलत सिंह रावत की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस मौके पर पार्टी प्रभारी प्रदेश सचिव मंडल के सदस्य गंगाधर नौटियाल बतौर पर्यवेक्षक मौजूद थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज देश में आजादी के आंदोलन के जैसे हालात बने हुए हैं। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा पहले मजदूर किसानों पर हमला किया गया और अब अग्निपथ योजना के नाम पर नौजवानों के रोजगार पर हमला किया जा रहा है। मोदी द्वारा देश को कॉर्पोरेट घरानों के पास गुलाम बनाने की पूरी साजिश रच दी है जिसे अब देश का मजदूर, किसान और आम जन अच्छी तरह समझ गया है। इसलिए पार्टी ने निर्णय लिया है कि केंद्र की नीतियों के खिलाफ पूरे देशभर में सघन अभियान चलाया जाएगा। पार्टी जिला मंत्री वीरेंद्र गोस्वामी ने कहा कि 8 अगस्त को महंगाई के खिलाफ जिला मुख्यालय में मजदूर किसानों का द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा। जबकि 14 अगस्त को साम्राज्यवादी नीतियों के खिलाफ रात्रि जागरण किया जाएगा। इससे पूर्व 1 अगस्त से 15 अगस्त तक जिले के फाटा, गुप्तकाशी, ऊखीमठ, बसुकेदार, अगस्त्यमुनि, चोपता आदि स्थानों में केंद्र की मोदी सरकार की साम्रराज्यवादी नीतियों की पोल पट्टी खोलकर जनता के सम्मुख रखी जाएगी। बैठक में अषाढ़ सिंह धिरवाण, नरेंद्र रावत, भावना रावत, धीरज लाल, मदन सिंह रावत आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button