उत्तराखंड

लोहाजंग में शेर सिंह दानू स्मृति मेले का रंगारंग आगाज

चमोली। पर्यटन नगरी लोहाजंग में पूर्व विधायक स्वर्गीय शेर सिंह दानू स्मृति सांस्कृतिक, औद्योगिक एवं पर्यटन विकास मेले का सोमवार को रंगारंग शुभारंभ हुआ। पूर्व विधायक के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने और मां काली मंदिर में पूजा-अर्चना एवं हवन के बाद मेले का विधिवत उद्घाटन किया गया। पहले दिन क्षेत्रीय महिला मंगल दलों और शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। साइकिलिंग रेस मेले का विशेष आकर्षण रही।
मेले के उद्घाटन से पहले आयोजन समिति के पदाधिकारियों, पूर्व विधायक के परिजनों और क्षेत्रीय जनता ने लोहाजंग स्थित शेर सिंह दानू के स्मारक पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मां काली मंदिर में मेले के निर्विघ्न आयोजन की कामना के साथ यज्ञ एवं हवन किया गया।
मेले के मुख्य मंच पर थराली के पूर्व विधायक डॉ. जीत राम ने बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने स्वर्गीय शेर सिंह दानू के संघर्षपूर्ण जीवन को याद करते हुए कहा कि तमाम अभावों के बीच चमोली जिले के एक सुदूरवर्ती गांव से निकलकर अविभाजित उत्तर प्रदेश की विधानसभा तक पहुंचना अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि थी। उनकी इस उपलब्धि पर समूची पिंडर घाटी को गर्व है। उन्होंने मेले के आयोजन में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष इंद्र सिंह राणा ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने इसी वर्ष शेर सिंह दानू स्मृति मेले को राज्य स्तरीय मेले का दर्जा देने की घोषणा की है। उन्होंने इसके लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के निवासी एवं चमोली के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष स्वर्गीय रामचंद्र उनियाल की स्मृति में मेले के दौरान विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं सवाड़ की ग्राम प्रधान आशा धपोला ने मेले के आयोजन की सराहना की।
मेले के पहले दिन क्षेत्रीय महिला मंगल दलों ने झोड़ा, चांचरी, चौंफला सहित विभिन्न पारंपरिक लोकनृत्यों और गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। स्थानीय शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी दर्शकों ने खूब सराहा। उद्घाटन के अवसर पर आयोजित साइकिलिंग रेस विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विभिन्न सरकारी विभागों और संस्थाओं ने विकास प्रदर्शनियां लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर आयोजन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन मेहरबान सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष रघुवीर बिष्ट, सचिव खड़क सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष भुवन बिष्ट, प्रबंधक बख्तावर सिंह बिष्ट, संरक्षक प्रद्युम्न सिंह पुजारी, प्रचार सचिव प्रकाश चंद्र कुनियाल, क्रीड़ा सचिव बच्ची राम, सह संरक्षक कैप्टन दुली राम, राजेंद्र कुनियाल, खड़क दानू, अल्ट्रा धावक कलम सिंह बिष्ट, महिपाल सिंह दानू, जयवीर राणा, दर्शन दानू, रणजीत सिंह पटवाल, अजीत नेगी, मोहन राणा और कलम सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button