उत्तराखंड

लिफ्ट लेकर आपदा प्रभावित डुंगरी तल्ला गांव पहुंचे धन सिंह रावत

पौड़ी गढ़वाल। कई दिन से चल रही भारी बारिश के कारण उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में भारी तबाही हुई है। पौड़ी जिले के कई गांव आपदा में अपना स्वरूप तक बदल चुके हैं। उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत पौड़ी गढ़वाल जिले के आपदा प्रभावित इलाकों के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने किसी के वाहन में लिफ्ट ली तो लैंडस्लाइड वाली अनेक जगह बोल्डरों को पार करते हुए पैदल भी चले।
कैबिनेट मंत्री पौड़ी गढ़वाल जिले की श्रीनगर विधानसभा सीट से विधायक धन सिंह रावत आपदा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर पहुंचे। मंत्री ने डुंगरी तल्ली में प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। मंत्री धन सिंह ने कहा कि सरकार आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों में कोई कमी नहीं होगी।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राठ क्षेत्र के दो दिवसीय भ्रमण के दौरान अपने निर्धारित कार्यक्रमों को स्थगित कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण विभिन्न गांवों में हुए नुकसान की जानकारी मिलने पर उन्होंने रविवार को पैठाणी में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के बाद चाकीसैंण तहसील के डुंगरी तल्ली गांव का रुख किया। यहां उन्होंने आपदा से प्रभावित 23 परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और नुकसान का जायजा लिया।
आपदा के कारण कई स्थानों पर सड़क एवं संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने पर डॉ। धन सिंह रावत पैदल चलकर प्रभावित गांव तक पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर आपदा से उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने सड़क एवं संपर्क मार्गों के क्षतिग्रस्त होने सहित अन्य समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
धन सिंह रावत ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आपदा से क्षतिग्रस्त रास्तों एवं संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाएगा। साथ ही, प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार पूरी तरह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। राहत, पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं की बहाली से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है। प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, संपर्क मार्ग और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र बहाल करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया गया है।

Related Articles

Back to top button