सकण्ड गांव की सड़क समस्या पर सीएम धामी का एक्शन

चमोली। कर्णप्रयाग विकासखंड के सकण्ड (स्कंद) गांव में सड़क सुविधा की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा गेती, फावड़े और कुदाल से श्रमदान किए जाने की खबर का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सड़क समस्या के समाधान के लिए तेजी से कार्य करने को कहा। मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण की कार्रवाई को तीन माह के भीतर पूरा करने की दिशा में तेजी से कदम उठाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का विकास और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए शासन-प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करना होगा। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि विकास योजनाओं का लाभ धरातल पर गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में राजस्व विभाग, वन विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम सकण्ड गांव पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण कर सड़क निर्माण से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को प्रक्रिया में तेजी लाने और तीन माह के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री के त्वरित हस्तक्षेप के बाद हुई कार्रवाई पर ग्राम प्रधान शिवानी चौधरी ने आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर जिला प्रशासन को निर्देश दिए, जिसके बाद राजस्व, वन विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम गांव पहुंची। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ शासन और जिला प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया।





