उत्तराखंड
मौसम खुलते ही केदारनाथ धाम फिर हुआ गुलज़ार

रुद्रप्रयाग। लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण कुछ समय तक अपेक्षाकृत शांत रहे विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम में अब एक बार फिर श्रद्धालुओं की चहल-पहल लौट आई है। मौसम में सुधार के साथ ही पवित्र सावन माह के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन और जलाभिषेक के लिए धाम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती आमद से केदारपुरी पुनः भक्ति और आस्था के रंग में रंग गई है।
हालांकि धाम में बीच-बीच में वर्षा का सिलसिला जारी है और पूरी केदारपुरी घने कोहरे की चादर में लिपटी हुई है, लेकिन प्रतिकूल मौसम भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं पा रहा है। दर्शन के लिए पहुंच रहे भक्तों में उत्साह साफ दिखाई दे रहा है। मंदिर परिसर और यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की मौजूदगी से धाम की रौनक फिर लौट आई है।
देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि लंबे इंतजार के बाद उन्हें बाबा केदार के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। सावन माह में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से जलाभिषेक एवं दर्शन करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और पूरी यात्रा सुखद रही।
बदरी-केदार मंदिर समिति के सदस्य विनीत पोस्ती ने बताया कि मौसम के कारण बीच-बीच में कुछ व्यवधान अवश्य आए, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त बाबा केदार के दर्शन के लिए धाम पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर समिति, जिला प्रशासन और शासन यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारु दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। अब तक
सावन के पावन अवसर पर केदारनाथ धाम में उमड़ रही श्रद्धालुओं की आस्था ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि विपरीत परिस्थितियां भी बाबा केदार के भक्तों के अटूट विश्वास को डिगा नहीं सकतीं। मौसम खुलते ही केदारपुरी में लौटती रौनक ने पूरे धाम को फिर से ष्हर-हर महादेवष् के जयघोष से गुंजायमान कर दिया है।





