उत्तराखंड

गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डूबकी

हरिद्वार। सोमवार को गंगा दशहरा पर्व पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने ब्रह्ममुहूर्त से ही हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। गंगा दशहरा पर धर्मनगरी में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह ने पूरे क्षेत्र को भक्ति के रंग में रंग दिया है। सभी गंगा घाटों पर “हर-हर गंगे” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। सुबह से ही हर की पौड़ी समेत गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के अलवा गंगा घाटों पर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे समय रहते किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि वीकेंड और गंगा दशहरा के चलते हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। रविवार को जहां 27 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया था, वहीं  सोमवार की सुबह गंगा आरती के बाद श्रद्धालुओं की संख्या 16 लाख पहुंच चुकी है।  यातायात प्लान के मुताबिक हाईवे पर भारी वाहनों को रोका गया। शहर की सभी पार्किंग अभी पूरी तरह पैक नहीं हुई। पार्किंग फुल होने के बाद बैरागी कैंप में वाहनों की पार्किंग कराई गयी।  गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस, पीएसी, पैरामिलिट्री फोर्स के साथ ही बीडीएस और डॉग स्कॉयड की भी तैनाती की गई है। ऊपर से ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की गयी।

Related Articles

Back to top button