सोमवार से उत्तराखण्ड के कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस की एंट्री होने से मौसम विभाग ने सोमवार से कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में तेज आंधी और बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं प्रदेश के कई अन्य इलाकों में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है, तो वहीं लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से सावधानी बरतने को कहा गया है। राज्य के मैदानी क्षेत्रों में शुक्रवार और शनिवार को मौसम का मिजाज काफी गर्म रहा। खासकर ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर और जसपुर में गर्मी ने अपने तेवर दिखाए, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। इसके अलावा बाजपुर, गदरपुर, नानकमत्ता और रुड़की जैसे इलाकों में भी दोपहर के समय गर्म हवाओं और चुभती धूप के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। रुड़की में शनिवार को पारा 35 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों में हो रही हलचल के कारण हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ हिस्सों में तापमान 30 से 32 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे लोगों को भीषण लू से फिलहाल बचाव मिला हुआ है। देहरादून के मोखमपुर इलाके में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब तीन डिग्री कम है।





