उत्तराखंड

प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 48 घंटे में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

देहरादून। प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के भीतर राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जनपदों के लिए अलर्ट जारी किया है। इन पहाड़ी क्षेत्रों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान ओलावृष्टि और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
अचानक बदलते मौसम को देखते हुए किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। साथ ही वाहन चालकों को बारिश और तेज हवाओं के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि आगामी 24 से 48 घंटों में प्रदेशभर में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार 5 मई तक कुछ जनपदों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button