उत्तराखंड

16 सितंबर को पहाड़ के आठ जिलों में ईएसआई की डिस्पेंसरियों का  होगा शुभारंभ राज्य से बाहर काम करने वाले कामगारों के परिजनों का भी होगा मुफ्त इलाज

देहरादून। सीएम पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर पांच लाख लोगों को मुफ्त इलाज का तोहफा मिलेगा। पहाड़ के आठ जिलों में दो लाख लोगों को ईएसआई से इलाज की सुविधा मिलेगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन 16 सितंबर पर पहाड़ों पर ईएसआई की आठ नई डिस्पेंसरियों का शुभारंभ होगा। इसके बाद राज्य के सभी जिलों में ईएसआई की डिस्पेंसरियां संचालित हो जाएंगी।
उत्तराखंड में अभी तक देहरादून, टिहरी, कोटद्वार, हरिद्वार, यूएसनगर और नैनीताल में ही डिस्पेंसरिया संचालित हैं। 16 सितंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़, श्रीनगर की डिस्पेंसरियों का सीएम पुष्कर सिंह धामी संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे। इन नई डिस्पेंसरियों का लाभ इन क्षेत्रों के 50 हजार ईएसआई से जुड़े कामगारों को मिलेगा। साथ ही इनके परिजन भी लाभाविंत होंगे। इस तरह कुल दो लाख नए लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा। अभी राज्य में सात लाख कामगारों को ईएसआई का लाभ मिल रहा है। इनके परिजनों को मिला कर 28 लाख लोग ईएसआई से जुड़े हैं।
ईएसआई में उपनल, पीआरडी, आउटसोर्स, ठेका कर्मचारियों समेत निजी संस्थानों, होटलों, अस्पतालों, फैक्ट्रियों में 21 हजार तक का वेतन प्राप्त करने वाले कामगारों को ईएसआई का लाभ मिलता है। इस योजना में लाभार्थियों को अनलिमिटेड इलाज की सुविधा मिलती है। पहले दस लाख तक सालाना इलाज होता था। अब सीमा को बढ़ा दिया है। इन डिस्पेंसियों में एक डॉक्टर, फार्मासिस्ट, एएनएम तैनात रहेंगी। इलाज के साथ दवाईयों की सुविधा मिलेगी। इस योजना के जरिए राज्य के 30 लाख से अधिक लोगों का इलाज किया जाएगा।
राज्य से बाहर काम करने वाले परिजनों को भी लाभ
ईएसआई से जुड़े ऐसे कामगार, जो राज्य से बाहर के होटल, अस्पताल, निजी संस्थानों में काम कर रहे हैं, उनके परिजनों को भी उत्तराखंड के भीतर इलाज की सुविधा मिलेगी। कोई भी कामगार दो डिस्पेंसरियों का चयन कर सकता है। एक डिस्पेंसरी जहां काम किया जा रहा है और दूसरी डिस्पेंसरी जहां परिजन रहते हैं, उनका चयन किया जा सकता है।
अगले चरण में पहाड़ों के तहसील मुख्यालय तक खोली जाएंगी डिस्पेंसरियां
जिला मुख्यालय के बाद अगले चरण में राज्य की प्रमुख तहसीलों में ईएसआई की डिस्पेंसरियां शुरू की जाएंगी। जिन तहसीलों में होटल कारोबार अधिक है और ईएसआई में पंजीकृत लोगों की संख्या अधिक है, वहां नई डिस्पेंसरियां खोली जाएंगी। उत्तरकाशी में यमुनोत्री, गंगोत्री, ट्रेकिंग रुट वाले क्षेत्र, टिहरी में धनोल्टी क्षेत्र, अल्मोड़ा में विनसर सेंचुरी क्षेत्र, ताकुला बसोली क्षेत्र में बढ़ते पर्यटन को देखते हुए नई डिस्पेंसरियां खोली जाएंगी।
उत्तराखंड में ईएसआई के जरिए पहाड़ों पर भी स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। इसके लिए आठ नई डिस्पेंसरियां खोली जा रही हैं। आने वाले समय में इन डिस्पेंसरियों को तहसील क्षेत्र में भी बढ़ाया जाएगा। पहाड़ों पर बढ़ते पर्यटन के कारण कामगारों की संख्या बढ़ी है। इन नई डिस्पेंसरियों से उन्हें पहाड़ पर भी इलाज की सुविधा मिल सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button