उत्तराखंड

एनडीए की कोचिंग कराने वाली एकेडमी के संचालकों पर केस दर्ज

देहरादून। देहरादून के चर्चित लूसेंट स्कूल में बनी एनडीए की कोचिंग कराने वाली एकेडमी के संचालकों पर बच्चों से रुपये हड़पने और उन्हें प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। आरोप है कि ग्लोबल डिफेंस एकेडमी नाम के इस संस्थान के संचालकों ने बच्चों की 11वीं की परीक्षा भी नहीं कराई। जबकि, 12वीं तक की फीस उनसे वसूली थी। सहारनपुर निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर तीन संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सहारनपुर के कुतुबपुर निवासी बृजपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने बेटे का एडमिशन ग्लोबल डिफेंस एकेडमी मांडूवाला में कराया था। एकेडमी लूसेंट स्कूल में बनी है। लूसेंट स्कूल की हाल ही में 12वीं की मान्यता समाप्त कर दी गई है। इस एकेडमी का संचालन नमित सिंह, कविश और मीनू वर्मा करते हैं। उन्होंने एनडीए की कोचिंग और 11वीं व 12वीं कराने के लिए बृजपाल सिंह से दो लाख रुपये फीस ली थी।
इसी तरह कई अभिभावकों ने अपने बच्चों के दाखिले इस एकेडमी में कराए। कुछ दिनों बाद इन लोगों का व्यवहार बदलने लगा। आरोप है कि तीनों संचालकों ने बच्चों को प्लास्टिक के पाइप से भी पीटा। इसके बाद जब उनसे इस बात की शिकायत की गई तो धमकियां दी जाने लगीं। बृजपाल सिंह के अनुसार मीनू वर्मा आदि ने अपनी पहुंच की बात कहकर उन्हें धक्के मारकर निकाल दिया। तीनों आरोपियों ने वादा किया था कि 11वीं की परीक्षा कराएंगे लेकिन 11वीं का रजिस्ट्रेशन भी नहीं कराया। शारीरिक शिक्षा की पढ़ाई भी नहीं कराई गई। जबकि, वादा किया गया था कि बच्चों को एनडीए की कोचिंग, एसएसबी की प्रैक्टिस आदि सब कराए जाएंगे। आरोपियों ने बृजपाल सिंह से एक लाख रुपये और मांगे। लेकिन, उन्होंने जब देने से मना कर दिया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इसी तरह 50 बच्चों के पैसे आरोपियों ने हड़प लिए। इंस्पेक्टर प्रेमनगर प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मीनू वर्मा, कविश और नमित सिंह के खिलाफ रुपये हड़पने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button